मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई मैनपुरी सीट पर उपचुनाव के लिए अखिलेश यादव ने बड़ा दांव खेला है। स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शिवपाल यादव का भी नाम शामिल किया गया है।

चुनाव आयोग को भेजी गई लिस्ट में 40 लोगों का नाम है। अखिलेश यादव और सातवें नंबर पर शिवपाल यादव हैं।  रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में शिवपाल को प्रचारकों की लिस्ट से बाहर रखा गया था।

डिंपल ने सोमवार को ही नामांकन दाखिल कर दिया है। डिंपल के सामने भाजपा ने रघुराज शाक्य को उतारा है। रघुराज शाक्य कभी शिवपाल के बेहद करीबी माने जाते थे। सपा के टिकट पर सांसद और विधायक रहे रघुराज शाक्य भी उस समय सपा से अलग हुए थे जब शिवपाल ने नाता तोड़ा था। इसी साल रघुराज ने भाजपा ज्वाइन की थी।

भाजपा ने रघुराज शाक्य को मैदान में उतारकर शिवपाल के समर्थकों को अपनी तरफ करने का दांव भी खेला है। शिवपाल को स्टार प्रचारक बनाने के पीछे भाजपा के दांव को काटने की रणनीति भी मानी जा रही है। लोकसभा उपचुनाव के लिए मुलायम सिंह यादव के परिवार में एकजुटता के दावों पर खुद शिवपाल ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *