नई दिल्ली:  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का नया पता यहां बंगला नंबर 5, सुनहरी बाग रोड होगा। राहुल के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को यहां उनका कुछ सामान पहुंचाया गया। अभी तक वह अपनी मां सोनिया गांधी को मिले बंगले में रह रहे थे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, अपने जन्मदिन (गुरुवार) के अवसर पर उन्होंने इस बंगले में शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि वे आगामी संसद के मानसून सत्र (21 जुलाई से शुरू) से पहले इस बंगले में रहना शुरू कर देंगे।

मां सोनिया के साथ रह रहे हैं राहुल गांधी
जबसे राहुल गांधी सांसद बने थे, वे 12, तुगलक लेन स्थित बंगले में रह रहे थे। लेकिन 2023 में मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने वह सरकारी आवास खाली कर दिया था। इसके बाद वे अपनी मां सोनिया गांधी के साथ 10 जनपथ आवास में रहने लगे और वहीं पर तब से रह रहे थे। भले ही उनकी लोकसभा सदस्यता बाद में बहाल हो गई थी।

पहले ए. नारायणस्वामी के पास था ये बंगला
कसभा में विपक्ष के नेता बनने के साथ ही राहुल गांधी को एक टाइप-8 बंगले का अधिकार मिला है, क्योंकि यह पद कैबिनेट मंत्री के दर्जे के समकक्ष होता है। यह बंगला पहले कर्नाटक के भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री ए. नारायणस्वामी के पास था। वे 2021 से 2024 तक मोदी सरकार में मंत्री रहे।