प्रभु राम के आगमन की खुशी में अयोध्या 15 लाख दीपक जलाकर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है।अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में दीपोत्सव-2022 को ऐतिहासिक बनाने के लिए राम की पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर स्वयंसेवकों की ओर से श्रीराम के जयघोष के साथ दीयों को बिछाने का कार्य शुरू हो गया है।

जलपान व भोजन समिति के डॉ. राना रोहित सिंह के नेतृत्व में स्वयंसेवकों के लिए दीपोत्सव तक जल-पान व भोजन की व्यवस्था की गई है। सभी घाटों पर दीए बिछाने की निगरानी उप नोडल अधिकारी डॉ. संग्राम सिंह, घाट समन्वयक व पदाधिकारियों की मौजूदगी में कराया जा रहा है।दीपोत्सव को लेकर अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।  रंग बिरंगी झालरों से पूरा शहर जगमगाने को तैयार है।

विशेष एलईडी लाइटों से शहर की मुख्य इमारत जैसे साकेत महाविद्यालय, राजसदन, तुलसी उद्यान पार्क, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क आदि चमक रहे है। एल शेप में रामायण प्रसंगों पर आधारित द्वार सरयू घाट की शोभा बढ़ा रहे हैं।नयाघाट से लेकर गोंडा की सीमा तक सरयू पुल को प्रकाशमय बनाया जा रहा है। राम की पैड़ी परिसर के मंदिरों को एक रंग में रंगा गया है।घाट संख्या-10 पर राम दरबार व रामायण कालीन उकेरी गई आकृतियां आकर्षण का केन्द्र हैं। स्वयंसेवक गले में पहचान-पत्र और सिर पर टोपी लगाए घाटों पर अलग नजर आ रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *