आगामी राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा का किसान मोर्चा 24 फरवरी को देश के सभी जिलों में किसान सम्मेलन के कार्यक्रमों के जरिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों से संवाद करेगा।

इन कार्यक्रमों के जरिए मोर्चा किसानों को मोदी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देगा। मार्च के पहले सप्ताह में यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के शुक्रताल से किसान मोर्चा प्राकृतिक खेती के अभियान का शुभारंभ करेगा। इसकी शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर करेंगे।

किसान मोर्चा पहले गंगा नदी के किनारे 5-5 किलोमीटर पदयात्रा निकालेंगे और किसान सम्मेलन आयोजित करेगा।  दूसरे चरण में देश के अन्य हिस्सों के नदियों के किनारे प्राकृतिक खेती के प्रोत्साहन हेतु जन जागरण अभियान और पद यात्राएं आयोजित होंगी।  प्रदेश व जिला स्तर पर प्राकृतिक खेती सेमिनार प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। बजट में भी सरकार ने एक करोड़ किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *