टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा दुनिया के नंबर एक जेवेलिन थ्रोअर बनने वाले देश के पहले एथलीट बन गए हैं। देश का कोई एथलीट आज तक नंबर एक के पायदान पर नहीं पहुंचा था।
25 वर्षीय नीरज 30 अगस्त, 2022 से विश्व नंबर दो के वरीयता क्रम पर थे। पीटर्स अब तक नंबर एक जेवेलिन थ्रोअर बने हुए थे, लेकिन पांच मई को दोहा में 88.67 मीटर के साथ स्वर्ण जीतने के बाद वह पीटर्स को नंबर एक की गद्दी से नीचे उतारकर खुद इस पर विराजमान हो गए हैं। पीटर्स दोहा में 85.88 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे। बीते वर्ष सितंबर में ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड) में हुए डायमंड लीग का फाइनल भी नीरज ने जीता था।

टोक्यो ओलंपिक में रजत जीतने वाले चेक रिपब्लिक के याकूब वाल्देज्चे तीसरे, यूरोपियन चैंपियन जर्मनी के जूलियन वीबर चौथे और बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान के अरशद नदीम रैंकिंग में पांचवें स्थान पर हैं। भारत के रोहित यादव 15वें और डीपी मनु 17वें स्थान पर रहकर शीर्ष 20 में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *