Friday, September 20, 2024 at 3:12 AM

भूस्खलन के बाद 138 लोग अब भी लापता, प्रशासन ने जारी की सूची, बचाव अभियान जारी

वायनाड:  केरल में एक सप्ताह पहले हुए भूस्खलन के बाद अभी भी 138 लोग लापता हैं। प्रशासन ने उत्तरी केरल इलाके से लापता लोगों की सूची जारी की है। यह सूची आपदा प्रभावित क्षेत्र के लोगों के राशन कार्ड और मतदाता सूची के रिकॉर्ड के आधार पर तैयार की गई है। इसमें 138 लोग ऐसे मिले हैं, जिनके बारे में अब तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों के बारे में कोई भी जानकारी होने पर लोग सूचना दे सकते हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सूची को ग्राम पंचायत, बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा विभाग, श्रम विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिले डाटा के आधार पर तैयार किया गया। इसमें से राहत शिविरों में रह रहे लोगों, उनके रिश्तेदारों, अस्पताल में भर्ती मरीजों और मर चुके लोगों के नाम हटा दिए गए। तब 138 लोग ऐसे मिले जिनके बारे में अब तक कोई खबर नहीं मिली है।

प्रशासन ने कहा कि सूची की पहली प्रति जारी कर दी गई। लोग इसे चेक कर सकते हैं और प्रशासन को लापता लोगों के बारे में सूचना दे सकते हैं। सूची को वायनाड की आधिकारिक वेबसाइट https://wayanad.gov.in और जिला कलेक्टर कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर देखा जा सकता है। लोग फोन नंबर 8078409770 पर भी लापता लोगों के बारे में जानकारी दे सकते हैं। जानकारी मिलने और सत्यापन के बाद सूची में बदलाव किए जाएंगे।

प्रशासन के मुताबिक भूस्खलन से प्रभावित चूरलमाला औ मुंडक्कई इलाके से लापता लोगों की तलाश नौवें दिन भी जारी रही। इसमें सेना और नौसेना समेत सुरक्षा बलों के 1026 कर्मचारी और 500 से अधिक स्वयंसेवक लगे हुए हैं।

भूस्खलन में अब तक 226 लोगों की हो चुकी मौत
केरल के वायनाड जिले में 30 जुलाई को मेप्पाडी के पास विभिन्न पहाड़ी इलाकों में आए भूस्खलन ने भारी तबाही मचा दी थी। इस प्राकृतिक आपदा के कारण 226 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों घायल हैं। भयावह आपदा के कारण यहां के लोग बड़े स्तर पर प्रभावित हुए हैं। ऐसे में सरकार भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों या जीवित बचे लोगों की मानसिक स्थिति का खासा ध्यान रख रही है। लोगों को मानसिक स्वास्थ्य परामर्श दिया जा रहा है।

Check Also

‘एक देश-एक चुनाव’ पर सियासी संग्राम; भाजपा और जयंत बचाव में उतरे तो बीजद हुई हमलावर

नई दिल्ली :  मोदी सरकार की कैबिनेट द्वारा वन नेशन वन इलेक्शन के मसौदे को …