देश इन दिनों महंगाई की मार से जूझ रहा है. पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बाद अब सब्जियों की कीमतों में भी आग लग गई है. संगम नगरी प्रयागराज में तो सब्जियों की कीमतें आसमान छू रही हैं. प्रयागराज में ज़्यादातर हरी सब्जियां सौ रुपये किलो बिक रही हैं.

पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों का असर अब हर आम चीज पर दिखाई देने लगा है. प्रयागराज में बढ़ती गर्मी के साथ सब्जियों के दाम भी आग उगलने लगे हैं. यहां पर भिंडी, नेनुआ, मूली, परवल, चौरा, करेला और कुंदरू जैसी सब्जियों के दाम 100 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं. जबकि आलू 25 रुपये, टमाटर और प्याज 40 रुपये, अदरक 70 रुपये और हरी मिर्च 150 रुपये किलो बिक रही है.

सब्जियों की बढ़ी हुई कीमतों ने लोगों के खाने की थाली का स्वाद बिगाड़ दिया है. लोगों के घर का बजट इससे बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. लोगों का कहना है कि महीने भर पहले एक दिन की सब्जी सौ रुपये में आ जाती थी, लेकिन अब वही सब्जी दो सौ से ढाई सौ रुपये में मिलती है.

जानकारों के मुताबिक़ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में पिछले बीस दिनों में दस रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोत्तरी से ट्रांसपोटेशन यानी माल भाड़ा काफी बढ़ गया है. ढुलाई खर्च बढ़ने से ही सब्जियों की कीमत पर सबसे ज़्यादा असर पड़ा है.  नवरात्र और रमज़ान के त्यौहारों का असर भी सब्जियों की कीमतों पर पड़ रहा है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *