वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और एचडीएफसी बैंक तथा टीसीएस जैसे बड़े शेयरों के नुकसान में जाने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 667 अंक टूट गया।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 666.85 अंक गिरकर 57,244.83 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 196.55 अंक गिरकर 17,196.05 पर आ गया। सेंसेक्स में एम ऐंड एम, डॉ. रेड्डीज, नेस्ले, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक और मारुति सुजुकी गिरने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे।

दूसरी ओर एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, पॉवर ग्रिड और टाटा स्टील हरे निशान में थे। पिछले कारोबारी सत्र में, बृहस्पतिवार को तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 874.18 अंक यानी 1.53 प्रतिशत उछलकर 57,911.68 अंक पर बंद हुआ था।

अमेरिकी डॉलर की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती के रुख ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया और इस कारण रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 14 पैसे टूटकर 76.31 पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुरुआती सौदों में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 76.31 पर कमजोर खुला, जो पिछले बंद भाव से 14 पैसे की गिरावट दर्शाता है। बृहस्पतिवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 13 पैसे चढ़कर 76.17 प्रति डॉलर पर पहुंच गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *