कोलकाता:  थाई लायन एयर का एक विमान तकनीकी खराबी के कारण नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पार्किंग क्षेत्र में वापस लौट आया। विमान में 130 यात्री और सात चालक दल के सदस्य सवार थे। बाद में, यह उड़ान रद्द कर दी गई।

विमान में फ्लैप से संबंधित समस्या
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के अधिकारियों के अनुसार यह बोइंग 737-800 न्यू जेरेशन विमान शनिवार रात करीब 1.35 बजे कोलकाता में उतरा। यह 2.35 बजे कोलकाता से बैंकॉक डॉन मुआंग अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने वाला था। विमान में फ्लैप से संबंधित समस्या उत्पन्न हो गई, जिसके कारण विमान को पीछे धकेलने के बाद पार्किंग बे में वापस लौटना पड़ा और उड़ान रद्द करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि फ्लैप टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान बहुत महत्वपूर्ण होते हैं।

यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
उड़ान रद्द होने से यात्री नाखुश थे। एयरलाइन के अधिकारी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसी का ध्यान रखते हुए दिन भर के लिए उड़ान रद्द कर दिया गया। तकनीकी गड़बड़ी के बाद विमान को वापस बुला लिया गया और यह सुबह 2:43 बजे पार्किंग स्टैंड 34 पर फिर से खड़ा किया गया। इसके बाद उड़ान को सुरक्षा कारणों से रद्द कर दिया गया। सभी यात्रियों को होटल में ठहरने की सुविधा दी गई है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के प्रवक्ता ने बताया कि थाईलैंड के बैंकॉक स्थित डॉन मुआंग अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 151 यात्रियों को लेकर थाई लायन विमान कोलकाता हवाई अड्डे पर 1.23 बजे उतरा। विमान ने 2.35 बजे पार्किंग बे 60आर से पुश बैक लिया। पुश बैक लेने के बाद विमान ने तकनीकी समस्या की सूचना दी और बे में वापस आने का अनुरोध किया। विमान एक बार फिर 2.43 बजे पार्किंग स्टैंड 34 पर खड़ा हुआ। सभी 130 यात्रियों को होटल भेज दिया गया।