छात्र राजनीति से अपने करियर की शुरुआत करने वाले कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

 इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया।

कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे 58 वर्षीय सुखविंदर सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे।

सुक्खू जमीनी स्तर के राजनेता हैं, जो निचले स्तर से उठे हैं और पहाड़ी राज्य में व्यापक संगठनात्मक अनुभव रखते हैं। चार बार के विधायक, 58 वर्षीय सुक्खू, राज्य में कांग्रेस के पूर्व प्रमुख हैं और एनएसयूआई और युवा कांग्रेस का हिस्सा रहे हैं।

हिमाचल कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष और हमीरपुर जिले की नादौन विधानसभा सीट  से चुनावी मैदान में उतरे सुक्खू ने इस बार बेहद कड़े मुकाबले में अपने निकट प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार विजय कुमार को 3363 वोटों हराकर चुनाव जीता है। सुक्खू को जहां 36142 वोट पड़े, वहीं विजय कुमार के हिस्से में 32779 वोट आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *