Friday, September 20, 2024 at 5:28 AM

दिल्ली में बारिश ने बनाया बरसने का रिकॉर्ड, अभी चार दिन और बरसेंगे बदरा

नई दिल्ली:  राजधानी में शुक्रवार को सुबह झमाझम बारिश होने से मौसम सुहावना है। बारिश के बाद हल्की ठंडी हवा चली। कई लोगों ने बारिश का लुत्फ उठाया। जबकि कुछ लोगों के लिए बारिश आफत बन गई। तेज बारिश होने से जगह-जगह जलभराव की समस्या देखने को मिली। मौसम विभाग के प्रादेशिक मानक वेधशाला सफदरजंग में सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया।

उधर, मौसम विभाग ने शनिवार को हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। ऐसे में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं, रविवार से मंगलवार तक के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार को सुबह से ही तेज बारिश हुई। जबकि इस दौरान कई जगहों पर धूप खिली, तो कहीं पर हल्की बारिश हुई। दोपहर के समय लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। जिसने लोगों को परेशान किया। वहीं, शाम पांच बजे के बाद अधिकतर इलाकों में तेज हवा चली। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नमी का स्तर 94 से 80 फीसदी रहा। वहीं, लोधी रोड इलाका सर्वाधिक गर्म रहा। यहां 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान रिज का 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

शाम साढ़े पांच बजे तक बारिश दर्ज
पीतमपुरा—–70.5 मिमी
रिज———37.6 मिमी
डीयू———37 मिमी
सफदरजंग—–4.3 मिमी
मयूर विहार——3.5 मिमी
पूसा———–3.5 मिमी
लोधी रोड——-1.9 मिमी
आया नगर——-0.4 मिमी

दिल्ली में मानसून मेहरबान, 2014 के बाद सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड
राजधानी को अगस्त माह में मानसून मेहरबान है। इस वर्ष 23 अगस्त तक 274.2 मिमी बारिश हुई है, जो कि 2014 के बाद सबसे अधिक है। 2014 के अगस्त माह में 139.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। साथ ही, 2012 के बाद इस माह में सबसे अधिक 21 दिन बारिश रिकॉर्ड की गई है। 2012 में कुल 22 दिन बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि, इस माह के अभी आठ दिन बाकी है। इसमें माना जा रहा है कि यह रिकॉर्ड टूट सकता है। मौसम विभाग की मानक वेधशाला सफदरजंग में सिर्फ तीन अगस्त का दिन ही ऐसा रहा है, जब बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई।

Check Also

बिना कोर्ट की इजाजत 1 अक्तूबर तक देश में नहीं होगी बुलडोजर कार्रवाई; सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक

नई दिल्ली:  सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में बुलडोजर कार्रवाई पर रोक लगा दी है। कोर्ट …