हैदराबाद:  शनिवार को एक और अमेरिकी विमान 116 अवैध अप्रवासियों को लेकर पंजाब के अमृतसर में उतरा। इस मुद्दे पर भी राजनीति हो रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अवैध अप्रवासियों को लेकर आ रहे विमानों के अमृतसर में उतरने की आलोचना की और आरोप लगाया कि पंजाब को बदनाम किया जा रहा है। अब पंजाब सीएम के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है।

क्या बोले भाजपा नेता एन रामचंद्र राव
तेलंगाना में भाजपा के नेता एन रामचंद्र राव से जब पंजाब सीएम भगवंत मान की आपत्ति पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ‘उन्हें और दूसरे नेताओं को उन मुद्दों पर फोकस नहीं करना चाहिए, जहां आलोचना की जा सके। पंजाब सरकार को तो खुश होना चाहिए कि अप्रवासी देश वापस लौट रहे हैं। हमें उनके भविष्य के बारे में सोचना चाहिए और इसकी जांच करनी चाहिए कि वे विदेश अवैध रूप से कैसे गए। हमें इसकी जांच करनी चाहिए कि उन्हें किसने भेजा। पंजाब सीएम को इस जांच पर फोकस करना चाहिए कि उनके राज्य में मानव तस्करी क्यों बढ़ रही है।’

राहुल गांधी पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिका दौरे की तारीफ की थी। इस पर भाजपा नेता एन रामचंद्र राव ने कहा कि ‘हम शशि थरूर के बयान का स्वागत करते हैं। राजनीतिक पार्टियों को ऐसा ही होना चाहिए और उन्हें देशहित के मुद्दों को दर्शाना चाहिए। न कि राहुल गांधी की तरह, जो विदेश जाकर भारत और भारतीय प्रधानमंत्री की आलोचना करते हैं। उन्हें अपनी ही पार्टी के सांसद से सीख लेनी चाहिए कि हम देश के भीतर लड़ सकते हैं, लेकिन देश के बाहर हम सब एक हैं। राहुल गांधी जैसे कांग्रेसी नेता, देश हित से ऊपर राजनीतिक हित को रखते हैं।’