कोलकाता: सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणियों के जरिए कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार शर्मिष्ठा पनोली नाम की पुणे की लॉ छात्रा को शनिवार को पश्चिम बंगाल की एक अदालत में पेश किया गया। इससे पहले ऑपरेशन सिंदूर पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में गुरुवार रात को कोलकाता पुलिस ने उसे गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में पोस्ट को हटा दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पनोली ने आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। इसमें एक विशेष धर्म को निशाना बनाते हुए अपमानजनक टिप्पणी की गई थी। इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस शनिवार को शर्मिष्ठा को कोलकाता के अलीपुर कोर्ट पहुंची।
कोलकाता में एफआईआर, गुरुग्राम में गिरफ्तारी
सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। कोलकाता के एक पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने छात्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘यह मामला शर्मिष्ठा पनोली नामक महिला के इंस्टाग्राम वीडियो से संबंधित है, जिसने एक विशेष समुदाय के सदस्यों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई।’
अदालत ने गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था
अधिकारियों ने दावा किया कि पनोली और उसका परिवार कथित रूप से फरार हो गया था। इस वजह से कानूनी नोटिस देने के कई प्रयास विफल रहे। इसके बाद एक अदालत ने गिरफ्तारी का वारंट भी जारी किया, जिसके आधार पर उसे गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। हालांकि, विवाद के बाद पनोली ने सोशल मीडिया पर बिना शर्त माफी मांगी और अपने वीडियो और पोस्ट हटा दिए।