गुवाहाटी: असम से एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के दो उम्मीदवार, भाजपा के कनद पुरकायस्थ और असम गण परिषद (एजीपी) के बिरेन्द्र प्रसाद बैश्य निर्विरोध रूप से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। चुनाव अधिकारी के अनुसार, विपक्षी दलों ने राज्यसभा चुनाव के लिए कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया, जिसके चलते दोनों को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि गुरुवार थी। अधिकारी ने बताया, चूंकि विपक्ष की ओर से कोई उम्मीदवार नहीं था, इसलिए भाजपा के कनद पुरकायस्थ और एजीपी के बिरेन्द्र प्रसाद बैश्य को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। इन दोनों सीटों के लिए चुनाव 19 जून को प्रस्तावित थे, लेकिन अब चुनाव की आवश्यकता नहीं रह गई।

पहली बार राज्यसभा सदस्य बनेंगे कनद
जानकारी के मुताबिक कनद पुरकायस्थ पहली बार संसद सदस्य बनेंगे। वे वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कबिंद्र पुरकायस्थ के बेटे हैं। वे सिलचर से ताल्लुक रखते हैं। वर्तमान में वे भाजपा की राज्य इकाई के सचिव हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं बिरेन्द्र प्रसाद बैश्य
बिरेन्द्र प्रसाद बैश्य वयोवृद्ध एजीपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं। यह उनका राज्यसभा में तीसरा कार्यकाल होगा। वे एक बार लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं।असम से राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव बैश्य और भाजपा के रंजन दास का कार्यकाल 14 जून को समाप्त होने के कारण कराए जा रहे हैं।

सात में से चार पर भाजपा काबिज
वर्तमान में असम से राज्यसभा की कुल सात सीटें हैं। इनमें से चार भाजपा के पास हैं। एक-एक पर इसके सहयोगी दल, एजीपी और यूपीपीएल जबकि एक सीट पर निर्दलीय सांसद सदस्य का प्रतिनिधित्व है।