श्रीलंका इस समय सबसे खराब आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यहां महंगाई चरम पर है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं, उनका आयात भी घट रहा है। ऐसे में भारत व चीन समेत कई पड़ोसी देशों ने श्रीलंका की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है।

श्रीलंका के वित्त मंत्री अली साबरी ने शनिवार को कहा, भारत और विश्व बैंक मिलकर श्रीलंका को 15.29 हजार करोड़ रुपये की मदद देने पर विचार कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आर्थिक संकट से उबरने के लिए श्रीलंका कई देशों का रुख कर रहा है।

इस क्रम में श्रीलंका चीन और जापान से भी बातचीत कर रहा है। अली साबरी ने कहा कि विश्व बैंक अगले चार महीनों में 30 करोड़ से 60 करोड़ डॉलर का विस्तार करने की योजना बना रहा है, जिससे देश में दवा व आवश्यक वस्तुओं को सुरक्षित किया जा सके।

शुक्रवार को ही भारत के उच्चायोग ने कहा था कि नई दिल्ली ने इस साल जनवरी में दी 40 करोड़ डॉलर के स्वैप के कार्यकाल को भी बढ़ाया है। साबरी इस वक्त पुनर्वास पैकेज पर आईएमएफ से बातचीत के लिए वाशिंगटन में हैं।

श्रीलंका को भीषण आर्थिक संकट से निपटने के लिए कम से कम 4 अरब डॉलर चाहिए। साबरी आईएमएफ के अलावा विश्व बैंक, चीन व जापान से भी वित्तीय मदद के प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *