हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के बहुमत हासिल करने के बाद अगले मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस आलाकमान ने हिमाचल प्रदेश के सीएम के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम की मंजूरी दे दी है।

उनके नाम की घोषणा आज शाम तक अन्य नेताओं से चर्चा के बाद की जाएगी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री की रेस में सुखविंदर सिंह समेत कई नाम शामिल थे। मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह भी खुद के सीएम पद की रेस में होने के संकेत दे रही थीं, लेकिन सूत्रों की मानें तो हिमाचल के 40 विधायकों में से ज्यादा का समर्थन सुक्खू को हासिल था।

कांग्रेस आलाकमान द्वारा मंजूरी दिए जाने के सवाल पर सुखविंदर ने कहा कि वे हाईकमान के फैसले से अवगत नहीं हैं। उन्होंने कहा, ”मैं कांग्रेस विधायक दल की बैठक में जा रहा हूं, जोकि शाम पांच बजे हो रही है। मैं हाईकमान के फैसले से अब तक अवगत नहीं हूं।”

दोपहर को सुक्खू ने कहा था कि मैं कभी भी दौड़ में नहीं था-न तो आज और न ही भविष्य में। मैं एक कांग्रेस कार्यकर्ता हूं और मैंने हमेशा एक कार्यकर्ता के रूप में काम किया है। मैंने कभी किसी पद की इच्छा नहीं की। कांग्रेस ने मुझे प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया और उनके आदेश का पालन करना मेरा कर्तव्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *