अहमदाबाद:अहमदाबाद से दीव के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट को टेकऑफ से ऐन पहले रद्द कर दिया गया। इसके पीछे की वजह कुछ तकनीकी खराबी बताई गई। इंडिगो के एक प्रवक्ता ने बताया, ’23 जुलाई 2025 को अहमदाबाद से दीव के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की उड़ान 6E-7966 में उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी का पता चला। मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए पायलटों ने अधिकारियों को सूचित किया और विमान को बे में वापस ले गए। परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान की आवश्यक जांच और रखरखाव किया जाएगा।

एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों को उनकी पसंद के अनुसार अगली उपलब्ध उड़ान में जगह दी जाएगी या फिर टिकट रद्द करने पर पूरा रिफंड किया जाएगा। एक सूत्र ने बताया कि जब विमान ने उड़ान भरना शुरू किया, तो पायलटों ने कुछ तकनीकी कारणों से इसे रोकने का फैसला किया। लगभग 50 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

पिछले कुछ दिनों में ऐसी तीसरी घटना
21 जुलाई को गोवा से 140 यात्रियों को लेकर आ रही इंडिगो की एक उड़ान को लैंडिंग गियर में समस्या के कारण मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित देवी अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी।
17 जुलाई को दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की एक उड़ान को बीच हवा में इंजन फेल होने के कारण मुंबई की ओर डायवर्ट कर दिया था, जिसके बाद उसे मुंबई में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। यह उड़ान एयरबस A320neo विमान से संचालित हो रही थी।

एअर इंडिया का विमान हुआ था दुर्घटनाग्रस्त
इससे पहले 12 जून को लंदन गैटविक जाने वाला एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड के भीतर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में से 241 की मौत हो गई थी। विमान के बाहर घटनास्थल पर 19 लोग भी मारे गए थे।