नई दिल्ली:भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और वरिष्ठ वकील मनन कुमार मिश्रा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के हाल ही में दिए गए बयानों को लेकर उनके खिलाफ अवमानना याचिका दायर की जाएगी। मिश्रा का यह बयान तब सामने आया है, जब सुप्रीम कोर्ट ने हाल में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर टिप्पणी की। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी ने उनके बचाव में जो बयान दिए हैं, वह अदालत की अवमानना के दायरे में आते हैं।
मिश्रा ने कहा, उन्होंने (प्रियंका गांधी) मीडिया के सामने कई तरह के बयान देकर अदालत की अवमानना की है। इसलिए हम उनके खिलाफ अवमानना की याचिका दायर करने जा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने बिना यह समझे कि अदालत का मकसद क्या था, गैर-जिम्मेदाराना बयान दिए हैं। यह याचिका बार (वकीलों का संगठन) और वकीलों की ओर से दायर की जाएगी। इस देश की जनता ऐसे गैर-जिम्मेदाराना बयानों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
एक दिन पहले प्रियंका गांधी ने अपने भाई और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बचाव किया था। यह तब हुआ जब सुप्रीम कोर्ट ने भारत-चीन सीमा विवाद पर राहुल गांधी के बयानों को लेकर सख्त टिप्पणी की थी। मंगलवार को शीर्ष कोर्ट की टिप्पणी के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी की बातों को गलत ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है और उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी भारतीय सेना का सबसे ज्यादा सम्मान करते हैं।
राहुल के बचाव में क्या बोलीं प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा, यह जज तय नहीं कर सकते कि कौन सच्चा भारतीय है। विपक्ष के नेता का काम है कि वह सरकार से सवाल पूछे और उसे चुनौती दे। मेरा भाई कभी भी सेना के खिलाफ कुछ नहीं कहेगा। वह सेना का बेहद सम्मान करता है। इसलिए यह सब बातें गलत तरीके से पेश की जा रही हैं।
सच्चा भारतीय नहीं करेगा ऐसी बातें: सुप्रीम कोर्ट
इससे पहले सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को उस टिप्पणी के लिए फटकार लगाई थी, जो उन्होंने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के यांग्त्से क्षेत्र में भारत-चीन झड़प को लेकर की थी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने पूछा था कि राहुल गांधी को यह जानकारी कैसे मिली कि चीन ने 2000 वर्ग किलोमीटर भारतीय जमीन पर कब्जा किया है और यह कहा था कि कोई भी सच्चा भारतीय ऐसी बात नहीं कहेगा।