बॉलीवुड में जब बात होती है स्टाइल, फिटनेस और डांस की, तो ऋतिक रोशन का नाम हमेशा लिया जाता है। लेकिन इस बार सुर्खियों में हैं उनकी मां पिंकी रोशन, जिन्होंने 70 की उम्र में ऐसा डांस किया कि सोशल मीडिया पर छा गईं। ऋतिक रोशन की आने वाली फिल्म ‘वॉर 2’ के नए गाने ‘आवां जावां’ पर उनका डांस वीडियो वायरल हो गया है और बॉलीवुड से लेकर फैंस तक, हर कोई उनकी तारीफ करता नहीं थक रहा।

इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
ऋतिक ने खुद अपनी मां का ये वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया जिसमें पिंकी रोशन पूरे जोश के साथ गाने का हुक स्टेप करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो के साथ ऋतिक ने लिखा कि जब मां पूरा दिन एक गाने की स्टेप्स सीखने में बिताए और वो भी बेहद शानदार अंदाज में, तो समझ जाइए कि गाना हिट हो चुका है। वीडियो के साथ उनका प्यार भरा मैसेज और रेड हार्ट इमोजी ने इस पल को और खास बना दिया।

प्रियंका, कियारा और सुजैन ने दी प्रतिक्रियाएं
वीडियो पर प्रतिक्रियाओं का तांता लग गया। ऋतिक की पूर्व पत्नी सुजैन खान ने कमेंट किया, ‘बहुत प्यारा!’ वहीं प्रियंका चोपड़ा ने पिंकी रोशन की तारीफ करते हुए लिखा, ‘आप बेस्ट हैं।’ अभिनेत्री कियारा आडवाणी, जो गाने में ऋतिक के साथ नजर आई हैं, उन्होंने भी हार्ट इमोजी के जरिए अपना प्यार जताया।

पिंकी रोशन ने भी शेयर किया वीडियो
पिंकी रोशन ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से वीडियो साझा किया और लिखा कि ये उनकी प्रैक्टिस का पहला दिन था और उन्हें इस गाने की धुन इतनी प्यारी लगी कि वो खुद को थिरकने से रोक नहीं पाईं। उन्होंने कोरियोग्राफर बॉस्को मार्टिस और ट्रेनर गुलनाज का भी धन्यवाद अदा किया। उनके पति और मशहूर फिल्म निर्माता राकेश रोशन ने भी इस वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘बहुत अच्छा… अब मेरी बारी जल्द ही आने वाली है।’