रजनीकांत अभिनीत ‘कुली’ आज 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म को लेकर फैंस में काफी क्रेज बना हुआ है। रिलीज से पहले ‘कुली’ के निर्देशक लोकेश कनगराज ने बुधवार की रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने सभी कलाकारों के अद्भुत योगदान की लिए लंबा-चौड़ा नोट लिखा। आइए जानते हैं कि डायरेक्टर ने क्या कहा।

रजनीकांत से लेकर आमिर खान तक का किया धन्यवाद
‘कुली’ के निर्देशक लोकेशन कनगराज ने बुधवार रात अपने एक्स अकाउंट पर एक ट्वीट करते हुए लंबा नोट लिखा। इसमें उन्होंने सभी कलाकारों का धन्यवाद किया और लिखा, ‘किंग नागार्जुन सर, रियल स्टार उपेंद्र सर, सौबिन सर, सत्यराज सर, श्रुति हासन और आमिर खान सहित सितारों की मौजूदगी ने इस फिल्म को खास बना दिया।’ इसके अलावा डायरेक्टर ने दो साल तक सभी क्रू मेंबर्स और निर्माण टीम द्वारा किए गए अमूल्य योगदान और समर्पण की सराहना की।

दर्शकों का जताया आभार
आगे अपने नोट में निर्देशक ने सभी फैंस को भी शुक्रिया कहा। उन्होंने लिखा, ‘आपने मुझे और इस फिल्म को जो प्यार और समर्थन दिया है, उसके लिए धन्यवाद। मुझे पूरी उम्मीद है कि आपको थिएटर का शानदार अनुभव मिलेगा, और मैं आप सभी से विनम्र निवेदन करता हूं कि फिल्म के किसी भी स्पॉइलर को शेयर न करें।’ इसके अलावा डायरेक्टर ने कहा कि ‘कुली’ फिल्म सुपरस्टार रजनीकांत के व्यक्तित्व को दर्शाती है।

कुली फिल्म के बारे में
‘कुली’ एक गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन लोकेश कनगराज ने किया है। पहली बार रजनीकांत और लोकेश कनगराज एकसाथ काम कर रहे हैं। इस फिल्म में एक से बढ़कर एक नामी सितारों की झलक देखने को मिल रही हैं, जिनमें सत्यराज, नागार्जुन, आमिर खान, उपेंद्र, श्रुति हासन और सौबिन शाहिर जैसे कलाकारों के नाम शामिल हैं।