भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने बुधवार को अपना 35वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर वह अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड आरजे महवश के साथ लंदन में घूमते नजर आए। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। हाल ही में आरजे महवश ने इंस्टा स्टोरी लगा कर युजवेंद्र चहल को जन्मदिन की बधाई दी है। इससे उनकी नजदीकियों के चर्चे फिर शुरू हो गए हैं।

आरजे महवश ने युजवेंद्र को दी जन्मदिन की बधाई
युजवेंद्र चहल की रूमर्ड गर्लफ्रेंड आरजे महवश ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर युजवेंद्र चहल की एक तस्वीर लगाई है। इस तस्वीर पर उन्होंने कैप्शन में लिखा है ‘जन्मदिन की शुभकामनाएं युजवेंद्र। उम्रदराज होना जिंदगी का हिस्सा है और जिंदगी के दूसरे हिस्से और भी ज्यादा खराब हैं। इसलिए शुभकामनाएं।’ कैप्शन में महवश ने हंसने वाला इमोजी भी लगाया है। तस्वीर में देखा जा सकता है कि युजवेंद्र एक रेस्टोरेंट में बैठे हैं। उन्होंने टीशर्ट पहनी है और चश्मा लगाया है।

सुर्खियों में रहते हैं आरजे महवश और युजवेंद्र
आरजे महवश और युजवेंद्र चहल अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। दोनों की लिंकअप की खबरें आती रहती हैं। अब बात शादी तक पहुंच गई है। हालांकि अभी दोनों ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है। ऐसे में आरजे महवश ने हाल ही में शादी को लेकर एक पोस्ट से अपने फैंस को हैरान कर दिया।

आरजे महवश ने शादी को लेकर की पोस्ट
आरजे महवश ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर कीं और लिखा ‘कुछ न्यूज चैनल्स दावा कर रहे हैं कि 31 जून को मेरी शादी है। ये उसकी तस्वीरें हैं। बस दूल्हा भाग गया है। करेगा कोई मुझसे शादी?’ बताया जाता है कि आरजे महवश ने ये पोस्ट न्यूज चैनल्स को लेकर तंज में की है।

युजवेंद्र चहल का रिश्ता
ख्याल रहे कि साल 2020 में युजवेंद्र चहल ने धनश्री वर्मा से शादी की थी। हालांकि साल 2025 में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद चर्चाएं हैं कि आरजे महवश युजवेंद्र के साथ रिश्ते में हैं। दोनों को अक्सर साथ में स्पॉट किया जाता है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी दोनों एक दूसरे से अपनी नजदीकियां जाहिर करते हैं।