उड़ीसा की युवती की मौत के राज से 47 दिन बाद पर्दा उठ गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। महिला के पति संजय भारद्वाज को पूछताछ के लिए ऋषिकेश लाने के लिए कोतवाली पुलिस उत्तरप्रदेश के बलिया रवाना हो गई है।

09 दिसंबर को कृष्णानगर तिराहे के पास जंगल में एक युवती का शव मिलने से सनसनी मच गई थी। महिला के पर्स में मिले रेल टिकट और फोन नंबर पर संपर्क करने के बाद उसकी पहचान आरती भुई पुत्री रविंद्र भुई निवासी ग्राम अड़क्का, थाना बिरडी, जिला जगतसिंहपुर, उड़ीसा के रूप में हुई थी। कोतवाली पुलिस के युवती के पिता रविंद्र भुई से संपर्क करने पर उन्होंने बताया था कि दो वर्ष पूर्व आरती प्रेम विवाह करने के बाद घर से कहीं चली गई थी।

ऐसे में हत्या को लेकर पुलिस के शक की सुई युवती के पति संजय भारद्वाज पर ही टिकी हुई है। ऋषिकेश कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरती की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई है। मामले में दर्ज मुकदमे में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पूरे मामले में आरती भुई के पति संजय भारद्वाज की भूमिका संदिग्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *