अभिनेत्री केली मैक का निधन हो गया है। उनकी उम्र महज 33 वर्ष थी। ‘द वॉकिंग डेड’ और ‘शिकागो मेड’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच लोकप्रियता बटोरी। केली के निधन की खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर है। केली मैक का निधन शनिवार 02 अगस्त को हुआ। उन्होंने अपने जन्मस्थान सिनसिनाटी में आखिरी सांस ली।

बहन ने की केली के निधन की पुष्टि
डेडलाइन के रिपोर्ट के अनुसार अभिनेत्री केली मैक ग्लियोमा से जूझ रही थीं। केली के निधन की पुष्टि उनकी बहन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है, ‘बहुत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि हमारी प्यारी केली का निधन हो गया है। एक चमकता सितारा इस दुनिया से उस पार चला गया, जहां अंततः हम सभी को जाना ही होगा’।

बीते महीने मनाया 33वां जन्मदिन
केली का जन्म 10 जुलाई 1992 को हुआ। इसी साल बीते महीने उन्होंने अपना 33वां जन्मदिन मनाया। केली ने कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में दस्तक दे दी थी। उनके निधन की खबर से फैंस को स्तब्ध हैं। सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

स्क्रीनराइटर भी थीं केली
अभिनेत्री होने का साथ-साथ केली एक उम्मदा स्क्रीनराइटर भी थीं। उन्होंने अपनी मां क्रिस्टन क्लेबेनो के साथ मिलकर काम किया। दोनों ने मिलकर कई फीचर-लेंथ स्क्रिप्ट्स लिखीं, जिनमें ‘ऑन द ब्लैक’ भी शामिल है, जो 1950 के दशक की कॉलेज-बेसबॉल कहानी है। यह कहानी उनके नाना-नानी के ओहायो विश्वविद्यालय में बिताए समय से प्रेरित है।