अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी को एक साल होने आ रहा है। दोनों ने बीते वर्ष 23 जून को रजिस्टर्ड मैरिज की। सोना की शादी इसे लेकर भी चर्चा में रही कि उनके दोनों भाई शादी की तस्वीरों में नजर नहीं आए। ऐसे कयास लगाए जाने लगे कि अभिनेत्री के दोनों भाई शायद दूसरे धर्म में शादी करने को लेकर सोनाक्षी से खुश नहीं, इसलिए शादी में शिरकत नहीं की। शादी के बाद सोनाक्षी और उनके भाईयों के बीच रिश्ते में खटास आने की बातें भी कही गईं। मगर, कुश सिन्हा के हालिया पोस्ट से सब साफ हो गया है।

भाई के निर्देशन में बनी पहली फिल्म में नजर आएंगी सोनाक्षी
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबार की शादी के करीब एक साल बाद कुश सिन्हा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने बहन सोनाक्षी को टैग किया है। दरअसल, मामला यह है कि सोनाक्षी की अगली फिल्म है ‘निकिता रॉय’। इस फिल्म के निर्देशन की कमान कुश सिन्हा ने संभाली है। कुश इसके जरिए निर्देशन में डेब्यू कर रहे हैं।

कुश सिन्हा ने शेयर की यादों से एक तस्वीर
आज शनिवार 21 जून को कुश सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने फिल्म की शूटिंग की पहले दिन की तस्वीर शेयर की है, जो खुद उन्होंने ही क्लिक की। तस्वीर में सोनाक्षी सिन्हा और सुहैल नैय्यर नजर आ रहे हैं। इसके साथ कुश ने कैप्शन लिखा है, ‘सोनाक्षी (निकिता रॉय) और सुहैल (जॉली जय हंस) के साथ शूटिंग का पहला दिन। ‘निकिता रॉय’ की यादों से एक तस्वीर’।