टेलीविजन इंडस्ट्री की क्वीन कही जाने वाली एकता कपूर आज अपना 50वां जन्मदिन मना रही हैं। एकता कपूर वो शख्सियत हैं जिन्होंने टेलीविजन की दुनिया और टीवी सीरियल्स को एक नई पहचान दी है। भारत में अगर किसी ने डेली सोप की एक क्रांति सी ला दी है तो वो एकता कपूर ही हैं। उन्होंने ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ और ‘कसौटी जिंदगी की’ से लेकर ‘कसम से’, ‘पवित्र रिश्ता’, ‘नागिन’ और ‘कुमकुम भाग्य’ जैसे कई हिट और लोकप्रिय टीवी सीरियल्स बनाए हैं। आज एकता कपूर टीवी इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड की भी प्रमुख प्रोड्यूसर में गिनी जाती हैं।

हालांकि, कई बार उनके प्रोडक्शन हाउस बालाजी मोशन पिक्चर्स पर अश्लीलता फैलाने जैसे आरोप भी लगे। लेकिन फिल्मी घराने से आने वाली एकता कपूर ने खुद एक्टर न बनकर कई कलाकारों के टेलेंट को पहचाना और उन्हें टीवी से लेकर फिल्मों तक का एक बड़ा एक्टर बना दिया। इस लिस्ट में विद्या बालन और स्मृति ईरानी से लेकर सुशांत सिंह राजपूत जैसे कई नाम शामिल हैं। जानते हैं उन कलाकारों के बारे में जिन्हें एकता कपूर ने दिया ब्रेक और बना दिया कलाकार से स्टार।

विद्या बालन
5 फिल्मफेयर अवॉर्ड जीतने वाली विद्या बालन की गिनती आज बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्रियों में होती है। लेकिन क्या आपको पता है कि विद्या बालन को भी एक्टिंग की दुनिया में लॉन्च करने वाली एकता कपूर ही हैं। विद्या बालन ने अपने करियर की शुरुआत 1995 में आए कॉमेडी टीवी सीरियल ‘हम पांच’ से की थी। इस टीवी शो को बनाने वाली भी एकता कपूर ही हैं। इसके बाद एकता कपूर ने विद्या बालन को ‘द डर्टी पिक्चर’ जैसी सुपरहिट फिल्म में भी कास्ट किया।

सुशांत सिंह राजपूत
सुशांत सिंह राजपूत को बॉलीवुड का अगला सुपरस्टार माना जाता था। ‘काई पो चे’ और ‘एम एस धोनीः द अनटोल्ड स्टोरी’ जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो ‘पवित्र रिश्ता’ से की थी। इस शो में एकता कपूर ने सुशांत को पहला मौका दिया और बाद में उन्होंने टीवी से फिल्मों तक का सफर पूरा किया।

राजकुमार राव
राजकुमार राव की गिनती बॉलीवुड के उन चुनिंदा अभिनेताओं में होती है जिन्होंने अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। लेकिन राजकुमार राव के टेलेंट को सबसे पहले पहचाना एकता कपूर ने। राजकुमार राव ने एकता के बालाजी की फिल्म ‘लव सेक्स और धोखा’ से अपना सफर शुरू किया था। उस वक्त यह फिल्म थोड़ी अलग थी और नया प्रयोग माना जाता था। एकता कपूर ने उनकी काबिलियत को देखा और आगे बढ़ने में मदद की।