Wednesday, February 5, 2025 at 8:29 PM

‘महाराष्ट्र की जनता ने कांग्रेस को खारिज किया’, भाजपा अध्यक्ष ने नाना पटोले की जीत पर कसा तंज

मुंबई:  महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने अपने एक बयान में कहा है कि राज्य की जनता ने कांग्रेस को खारिज कर दिया है। उन्होंने नाना पटोले की महज 200 वोटों से जीत दर्ज करने पर भी तंज कसा और कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले सिर्फ 200 वोटों से ही जीते हैं। सीएम पद को लेकर बावनकुले ने कहा कि महायुति के नेता और भाजपा नेतृत्व मिलकर तय करेगा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

‘महा विकास अघाड़ी की हालत के लिए कांग्रेस का झूठ जिम्मेदार’

शनिवार को घोषित हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों में महायुति गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल करते हुए 288 में से 234 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं महा विकास अघाड़ी गठबंधन महज 46 सीटों पर ही सिमट गया। बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों ने भाजपा का समर्थन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद पाने के लिए जरूरी 29 सीटें भी कोई विपक्षी दल नहीं जीत पाया है। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस के झूठ को जिम्मेदार ठहराया है। बावनकुले ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र भाजपा 1.51 करोड़ नए प्राथमिक सदस्यों को नामांकित करने का अभियान शुरू करेगी।

सीएम की रेस में फडणवीस का नाम सबसे आगे

महाराष्ट्र में सरकार के कार्यकाल में तीन दिन का ही समय बचा है। ऐसे में सीएम पद को लेकर महायुति गठबंधन को जल्द से जल्द फैसला करना है। सीएम पद को लेकर भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है। इसकी वजह ये है कि महाराष्ट्र चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है और भाजपा ने राज्य में अब तक का अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करते हुए 132 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा को चुनाव में 26.77 प्रतिशत वोट मिले। विधायकों की संख्या को देखते हुए भाजपा के फडणवीस सीएम पद के सबसे प्रमुख दावेदार हैं। भाजपा के विधायक दल की बैठक कल होनी है, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा।

Check Also

बजट में बड़े बदलाव लाने वाले कर सुधारों का खाका पेश, नया आयकर कानून लाने का भी एलान

नई दिल्ली:  केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए …