बदरीनाथ हाईवे पर रविवार सुबह बाजपुल चाडा पिनौला व टैयापुल के पास भूस्खलन हो गया। हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आने से रास्ता बंद हो गया। जिससे बदरीनाथ धाम की यात्रा अभी रुकी हुई है। रास्ता बंद होने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है।

जिसके चलते मारवाड़ी पुल में बदरीनाथ धाम जाने वाले सभी वाहनों को रोक दिया गया है। हाईवे बंद होने से तीर्थ यात्री परेशान हैं। यहां पानी व खाने की व्यवस्था न होने से यात्री भूखे प्यासे ही रास्ते पर बैठे हैं।

यात्री आशीष त्रिपाठी का कहना है कि वे तीन-चार किलोमीटर दूर से पानी व बिस्किट लेकर मौके पर पहुंचे हैं। रास्ता बंद होने से लोग परेशान हो रहे हैं।  कई श्रद्धालु सड़क पर ही भजनों पर झूमने लगे।

चमोली बाजार से आगे यात्रा वाहनों की आवाजाही नंदप्रयाग-सेकोट-कोठियालसेन सड़क से की जा रही है। इस सड़क पर बार-बार जाम लग रहा है, जिससे तीर्थयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *