उत्तराखंड में आज सुबह से कुछ जिलों में बादल छाये हुए हैं तो कहीं हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश रही। इसमें लोहारखेत, शामा, रामनगर, पौड़ी, नरेन्द्रनगर आदि में भारी बारिश दर्ज की गई। पंचेश्वर में 28.5, मसूरी में 24 व नैनीताल में 15.5 एमएम बारिश हुई।

देहरादून में  अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। जो सामान्य से दो अधिक व न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक अधिक था। पिछले 24 घंटे में दून में 18 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। दून में 28 जुलाई तक बारिश के आसार हैं।

बड़कोट उत्तरकाशी में यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में रातभर भारी बारिश से यमुना नदी के साथ ही नदी नाले उफान पर आ गए है। चमोली जनपद में सुबह मौसम सामान्य होने से बदरीनाथ हाईवे पर यातायात भी सुचारु है।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दून में आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गर्जन के साथ बौछार की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

कोटद्वार-पौड़ी नेशनल हाईवे पर दुगड्डा और कोटद्वार के मध्य आमसौड़ के समीप जमरगड्डी गदेरा में बने पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने से हाईवे कभी भी बंद हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *