Tuesday, January 14, 2025 at 9:21 AM

बदायूं में एसएसपी दफ्तर के सामने युवक ने खुद को लगाई आग, ससुराल, पुलिस और विधायक पर लगाए आरोप

बदायूं: बदायूं में ससुरालवालों से विवाद के चलते परेशान युवक ने बुधवार को दोपहर लगभग एक बजे एसएसपी कार्यालय के गेट पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इससे वहां हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठीं तो पुलिसकर्मी बुझाने में जुट गए। जानकारी होने पर पुलिस अधिकारी अपने-अपने कार्यालय से निकलकर बाहर आए। आग लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक नई सराय निवासी युवक का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा है। इससे पत्नी अपने मायके में रह रही है। दो दिन पहले साले की पत्नी ने युवक के खिलाफ छेड़खानी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवक ने आरोप लगाया कि उसे कोतवाल, सीओ सिटी के अलावा एक विधायक परेशान कर रहे हैं। अस्पताल ले जाते समय युवक ने चीख-चीखकर आरोप लगाए।

दो साल से चल रहा है ससुरालवालों से विवाद
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक का अपने ससुरालीजनों से दो वर्षों से विवाद चल रहा है। इसमें कई मुकदमे कोतवाली, सिविल लाइंस और मुजरिया थाने में पंजीकृत हैं। 30 दिसंबर को युवक अपनी ससुराल में जबरन घुस गया था। उसके साले की पत्नी ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसी तनाव में युवक ने आत्मदाह की कोशिश की। उसे बरेली के लिए रेफर कर दिया गया है।

Check Also

सड़क किनारे खड़े बच्चों पर पलटा गन्ने से भरा ट्रक, तीन के मरने की खबर

लखीमपुर खीरी: लखीमपुर खीरी के धौरहरा थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। धौरहरा-सिसैया मार्ग पर …