Sunday, September 8, 2024 at 5:00 AM

नए यमुना पुल से दो किशोरियों समेत तीन ने लगाई छलांग, एक बचाया, दो लापता, खोजबीन जारी

प्रयागराज:  नए पुल से बृहस्पतिवार दोपहर किशोरी सहित तीन लोगों ने यमुना में छलांग लगा दी। पुल के नीचे तैनात जल पुलिस एक ही युवती को बचा पाई, जबकि युवक और किशोरी गहरे पानी में समा गए। देर शाम तक खोताखोरों ने दोनों को खोजा, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

लालापुर थाना क्षेत्र के चिल्ला गौहानी गांव निवासी रमेश पटेल ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी वर्षा पटेल (15) 11वीं में पढ़ती थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह स्कूल के लिए निकली थी। घर से वह एक किमी तक साइकिल से जाती थी। इसके बाद एक परिचित के घर साइकिल खड़ी करके बस से स्कूल जाती थी। सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस ने फोन कर बताया कि वर्षा नए पुल से कूद गई है और निजी अस्पताल में भर्ती है।

अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि वहां घूरपुर थाना क्षेत्र के सेमरा कल्बना गांव निवासी नम्रता पटेल (24) भर्ती है। इस दौरान जानकारी मिली कि उसके साथ एक और लड़की भी कूदी थी। उसका स्कूल बैग थाने में है। थाने पहुंचे पर रमेश को पता चला कि बैग उनकी बेटी वर्षा का है।

वहीं, जल पुलिस प्रभारी जनार्दन साहनी ने बताया कि नए यमुना पुल से वर्षा और नम्रता एक साथ कूदी थीं। इसके करीब एक घंटे बाद युवक ने भी पुल से छलांग लगा दी। नम्रता को निकालकर पुलिस को सौंप दिया गया, जबकि युवक और किशाेरी का अब भी पता नहीं चल सका है।

सीमा विवाद में उलझी रही दो थानों की पुलिस

नए यमुना पुल से बृहस्पतिवार को नदी में छलांग लगाने वाली वर्षा पटेल का कुछ पता नहीं चल सका है। पिता रमेश पटेल ने बताया कि सूचना पर जब वह कीडगंज थाने पहुंचे तो उन्हें पुलिस वालों से बेटी का बैग मिला। जिस लड़की को जल पुलिस ने बचाया था वह उनकी दूर की रिश्तेदार है। वहीं, सीमा विवाद में दो थानों की पुलिस उलझी रही। रमेश का कहना है कि जब उन्होंने कीडगंज पुलिस से बेटी को खोजने के लिए कहा तो पुलिसकर्मियाें ने बताया कि जिस तरफ किशोरी ने छलांग लगाई है, वह नैनी क्षेत्र में लगता है, इसलिए नैनी पुलिस ही खोजबीन करेगी। वह नैनी थाने पहुंचे तो बताया कि वह उनके क्षेत्र में नहीं आता।

Check Also

एक के बाद एक आती गईं लाशें…लग गया ढेर, चीखों से सहमा रहा सैमरा

आगरा:  हाथरस में जनरथ बस ने मैक्स पिकअप में टक्कर मार दी। इस हादसे में …