भदोही: रंगों के त्योहार होली के अवसर पर शुक्रवार को जिले की सड़कें खून से लाल हुई। होली वाले दिन जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल पांच सड़क दुर्घटनाएं हुई। हादसों की इस होली में छह लोगों की मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी हादसों में बाइक सवार शामिल रहे।

मरने वालों में युवाओं की संख्या अधिक रही। होली के अवसर पर जिले में उल्लास और उत्साह भरे इस त्योहार के बीच कई दुख भरी खबरें भी मिली। इस बार होली हादसों वाली रही। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटना में छह लोगों ने जान गंवाई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल रहे। जिले में कोईरौना, सुरियावां, ज्ञानपुर, ऊंज और गोपीगंज क्षेत्र में सड़क दुर्घटना हुई। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई।

ससुराल से खोवा पहुंचाकर लौट रहे दो चचेरे भाई की मौत
कोइरौना थाना क्षेत्र के मनीपुर इटहरा गांव के पास जंगीगंज धनतुलसी मार्ग पर शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाई ओमप्रकाश दलित (35) पुत्र जोखू और महेंद्र प्रसाद दलित (25) पुत्र राजनारायण की मौत हो गई। मृतक प्रयागराज के हंडिया कोतवाली के गोपालपुर लमाही निवासी थे। दोनों युवक चचेरे भाई थे।

परिजनों के अनुसार, होली की सुबह ओमप्रकाश अपने ससुराल इटहरा गांव निवासी हरिमोहन दलित के यहां खोवा पहुंचाने गया था। उसके साथ चचेरा भाई महेंद्र भी चला गया। वहां से घर लौट रहे थे। इस बीच इटहरा से सटे मनीपुर गांव के पास जंगीगंज धनतुलसी मुख्य सड़क पर इनकी बाइक असंतुलित हो गई। जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।

घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कोइरौना पुलिस दोनों को डीघ सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक कोइरौना छोटक यादव दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बाइक व साइकिल की जोरदार टक्कर, वृद्ध की मौत
ऊंज थाना क्षेत्र के वहीदा मोड़ के पास शुक्रवार को बाइक सवार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। घटना में साइकिल सवार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के ढोकरी, सैदाबाद निवासी प्रवेश तिवारी (30) होली के दिन जिले में किसी रिश्तेदार के यहां आया था। जहां से वह वापस लौट रहा था।