आज के समय में लोग ज़्यादातर समय कार्यालय में ही बिताते हैं। रोज 9 घंटे तक चेयर पर बैठकर कार्य करने से जहां हम बेहद थका हुआ महसूस करते हैं वहीं कई बार बहुत ज्यादा तनावग्रस्त भी हो जाते हैं। कार्य के दबाव के चलते हर बार चेयर से उठ पाना संभव ही नहीं होता है। घर जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारियों के चलते लोग योग व अभ्यास के लिए वक्त नहीं निकाल पाते हैं। ऐसे में क्यों न कार्यालय चेयर पर बैठे बैठे ही कुछ योग आसन ट्राई करें। जी हां, ये योग आसन बेहद सरल तो हैं ही साथ ही शरीर की थकान व कार्य के तनाव को भी गायब कर देते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में:

गर्दन गोल घुमाएं:

ऑफिस चेयर पर जूते उतारकर आराम की मुद्रा में बैठ जाएं। मन को शांत रखें व आंखों को मूंद लें। अपने चिन (ठोढ़ी) को सीने से लगाते हुए गर्दन को दाईं तरफ से गोल-गोल घुमाएं।आरंभ में ऐसा 5 बार करें। अब यही प्रक्रिया बाईं तरफ से दोहराएं। इस बीच अपने कंधों को एकदम आराम से रखें। शरीर को भी ढीला छोड़ दें। हड़बड़ी में व अस्थिर मन से इस आसन को ना करें। इस आसन से आपके कन्धों व गर्दन को बेहद राहत मिलती है।

गर्दन झुकाएं:
कार्यालय की कुर्सी पर बैठे हुए ही पैरों को जमीन से टिकाकर सपाट तरह से रखें। बॉडी को रिलैक्स करते हुए दोनों हाथों को घुटनों के ऊपर रख लें। आराम से सांस लेते हुए गर्दन को छत की तरफ उठाएं व धीरे धीरे सांस छोड़ते हुए सिर को इस प्रकार नीचे लाएं ताकि गर्दन की हड्डी में भी लोच आए। आरंभ में इसे 5 बार तक ही करें।

हाथ रखें चेस्ट पर:

ऑफिस चेयर पर आराम की मुद्रा में पैर ऊपर करके बैठ जाएं। बाएं हाथ को अपनी गोद में रखिये। पीठ व गर्दन को एकदम सीधा रखिये। आंखों को बंदकर थोड़ी देर रिलैक्स होने दें। अब आंखें खोलकर दायें हाथ से कप जैसा बनाकर हथेली को हार्ट वाली साइड यानी कि चेस्ट के बाईं तरफ रखें। आरंभ में ऐसा 25 से 50 बार तक कर सकते हैं। यह आसन हार्ट के लिए बहुत ज्यादा अच्छा होता है व इससे ब्लड सर्कुलेशन भी अच्छा रहता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *