Sunday, May 19, 2024 at 10:41 AM

खेत में तेंदुआ देख भाग खड़े हुए ग्रामीण, दोनों शावकों को साथ ले गया, वन विभाग की टीम पहुंची

अमरोहा: अमरोहा जिले में लगातार तेंदुए की दहशत बनी हुई है। अब नौगांवा सादात क्षेत्र के मूंढ़ाखेड़ा गांव के एक खेत में तेंदुआ देखा गया। तेंदुए को देखते ही ग्रामीण उल्टे पांव भाग निकले। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। तभी तेंदुआ गन्ने के खेत में घुस गया। बड़ी संख्या लाठी-डंडों से लैस ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तेंदुआ गायब हो गया। शनिवार की रात गांव के रहने वाले नूर मोहम्मद और फुरकान अली ट्यूबवेल चलाने खेत पर जा रहे थे। तभी उन्होंने रास्ते पर तेंदुए को खड़ा देखा। तेंदुआ को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। दोनों लोग उल्टे पांव में भाग निकले और गांव पहुंचकर लोगों को जानकारी दी। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडे लेकर उसी स्थान पर पहुंचे, जहां तेंदुआ देखा गया था।

लेकिन लोगों के शोर शराबे के बीच तेंदुआ वहां से भाग निकला। जिसके बाद ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। डीएफओ एसपी सिंह ने मामले की जानकारी होने से इनकार किया है। इससे पहले भी तेंदुआ कई गांव में देखा जा चुका है।

सिहाली नारायण में दिखा तेंदुआ
कैलसा तहसील क्षेत्र में लगातार तेंदुए को देखने व जानवरों पर हमला करने की घटनाएं सामने आ रही है। अभी दो दिन पहले ग्राम बहलोलपुर में तेंदुए ने हमला करके एक गाय को अपना निवाला बना लिया था। अब तहसील क्षेत्र के गांव सिहाली नारायण में ग्रामीणों ने तेंदुआ देखा है।

तेंदुए को देखे जाने की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करके ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी। कहा कि पिंजरा लगाकर उसको पकड़ा जाएगा। इस दौरान वन विभाग की टीम में डिप्टी रेंजर, रेंजर, पुलिस बल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

अपने दोनों शावकों को साथ ले गया तेंदुआ
मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव महमदी में शनिवार की दोपहर ग्रामीण हरिसिंह के खेत में तेंदुए के दो शावक मिले थे। ग्रामीण हरिसिंह ने खेत में पड़े कबाड़ में आग लगाई थी। आग से अपने शावकों को बचाने के लिए तेंदुए ने ग्रामीण पर हमले का प्रयास भी किया था।

तलाशी के दौरान ग्रामीणों को खेत में तेंदुए के दो शावक मिले थे। वन क्षेत्राधिकारी संजय चौधरी ने बताया कि शावक करीब दो माह के थे। शनिवार की रात दोनों को उसी स्थान पर छोड़ दिया गया था। उन्होंने बताया कि पंजों के आधार पर स्पष्ट है कि तेंदुआ अपने शावकों को अपने साथ किसी सुरक्षित स्थान पर ले गया है।

Check Also

पीड़ित के साथ डीएम-एसएसपी से मिले सपा नेता, FIR में अफसरों के नाम बढ़ाने की मांग

बरेली:  बरेली के नवाबगंज तहसील परिसर में चौकीदार वीरेंद्र कुमार की पिटाई का मामला तूल …