चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने दिल की जांच (एंजियोग्राम) करवाई है और जांच में किसी भी रक्त वाहिका (ब्लड वेसल) में रुकावट (ब्लॉकेज) नहीं पाई गई। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता और मंत्री दुरईमुरुगन ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अपोलो अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य ठीक है और वह दो दिनों में अपने सामान्य कामकाज पर लौट आएंगे। दुरईमुरुगन ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री बिल्कुल स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की ओर से की गई प्रक्रिया में एक भी रुकावट नहीं मिली। उन्होंने कहा, वह ठीक हैं। अस्पताल से छुट्टी कब मिलेगी, यह डॉक्टर तय करेंगे।

मेडिकल बुलेटिन में कहा कि मुख्यमंत्री की स्थिति ठीक है और वह दो दिनों में सामान्य दिनचर्या शुरू कर देंगे। डॉक्टरों ने कई जांचें कीं, जिससे यह पता चला कि उन्हें चक्कर केवल दिल की धड़कन (हार्टबीट) में हल्के उतार-चढ़ाव की वजह से आया था। विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के अनुसार, गुरुवार सुबह एक प्रक्रिया की गई जिससे इस स्थिति को ठीक कर दिया गया।

अस्पताल ने यह भी बताया कि आज जो एंजियोग्राम किया गया, उसका परिणाम भी सामान्य रहा। मुख्यमंत्री स्टालिन को 21 जुलाई को अस्पताल में भर्ती किया गया था, जब उन्हें सुबह की सैर के दौरान चक्कर आया। बुधवार को लगातार दूसरे दिन उन्होंने अस्पताल से ही अपने सरकारी कार्य किए। उन्होंने अनगालुडन स्टालिन (आपके साथ स्टालिन) अभियान की समीक्षा की। इस अभियान का मकसद सरकारी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना और उनके इलाके में विशेष शिविर लगाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है।