शाहजहांपुर: शाहजहांपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज की सर्जरी विभाग की टीम ने 17 वर्षीय किशोरी के पेट का ऑपरेशन कर साढ़े छह किलो का ट्यूमर निकाला है। किशोरी कई दिन से परेशान थी। डॉक्टर के अनुसार, ऑपरेशन सफल रहा। अब किशोरी ने सुरक्षित है।

कांट के एक गांव की 17 वर्षीय किशोरी का पेट काफी ज्यादा फूलने की वजह से निजी डॉक्टर को दिखाया। यहां निजी डॉक्टर को दिखाने पर कोई फायदा नहीं हुआ तो बरेली के निजी अस्पताल में दिखाया। वहां डॉक्टर ने उसे गर्भवती बता दिया। अविवाहित किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी पर परिवारवाले परेशान हो गए।

जांच में हुई थी ट्यूमर की पुष्टि
काफी उपचार कराने के बाद भी फायदा नहीं हुआ। खेतीबाड़ी करने वाला पिता हिम्मत हार गए। हालत में सुधार नहीं होने पर मां अपनी बेटी को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंची। सर्जरी विभाग में सर्जन डॉ.मोहम्मद इमरान ने उसका परीक्षण किया। उसकी जरूरी जांचें कराने पर ट्यूमर की पुष्टि हुई। शुक्रवार दोपहर में उसका ऑपरेशन किया गया।
डॉ.इमरान ने बताया कि प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में डॉ.आशुतोष, डॉ.संकेत और डॉ.इमरान के सहयोग से डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन में किशोरी के पेट से साढ़े छह किलो का ट्यूमर निकाला गया है। सफल ऑपरेशन से उसकी बच्चेदानी भी सुरक्षित रही है। किशोरी को फीमेल सर्जरी वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।