लखनऊ: यूपी के लखनऊ में रविवार को तीन दोस्तों के साथ गोमती नदी में नहाते वक्त अमित ठाकुर (19) डूब गया। वह मानक नगर के श्रम विहार कालोनी का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ, गोताखोर, दमकल व पुलिस उसकी तलाश में लगी है। फिलहाल उसका पता नहीं चल सका है।
घटना ठाकुरगंज थाना इलाके के प्रेरणास्थल बंधे के पास की है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि रविवार की सुबह अमित तीन साथियों अमन, शिवम व विशाल के साथ दो स्कूटी से सुबह 6 बजे प्ररेणा स्थल क्रिकेट खेलने गए थे। क्रिकेट खेलने के बाद सभी नदी में नहाने की योजना बनाई। चारों को तैरना नहीं आता था। बावजूद इसके बाद वह लोग नदी में नहाने के लिए उतर गए।
शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए
नहाते वक्त अमित गहरे पानी में चला गया। नहाते समय डूबने लगा। साथियों ने उसको बचाने का प्रयास किया, पर नाकाम रहा। उसके साथी भागकर सड़क पर पहुंचे। वहां लोगों से मदद के लिए गुहार लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को अमित की तलाश में लगाया पर कुछ पता नहीं हो सका। दोपहर को एसडीआरएफ और दमकलकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। एसडीआरएफ टीम ने अमित की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा होने तक कोई पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि पानी बहुत गहरा है, इसलिए तलाश में दिक्कत आ रही है।
डूबने की खबर घर पहुंची तो मचा कोहराम
अमित के पिता अनिल ठाकुर ब्रेड बेचने का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि अमित ने इसी साल इंटर पास कर डीएवी कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई शुरू की थी। सुबह घर में सब लोग सो रहे थे। करीब 5 बजे सात-आठ लड़के अमित को जगा कर साथ ले गए थे।