मुरादाबाद: करीब सात दिन बाद बृहस्पतिवार से रामगंगा पुल दोबारा बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान पुल की मरम्मत का कार्य चलेगा। छोटे-बड़े सभी वाहन बदले मार्ग से चलाए जाएंगे। पैदल भी लोगों के अवागमन पर रोक रहेगी। एक सप्ताह बाद लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी समीक्षा करेंगे।

इसके बाद तय किया जाएगा कि पुल पर यातायात कब चालू होगा। मुरादाबाद से रामपुर, काशीपुर और बाजपुर को जोड़ने वाला रामगंगा पुल मरम्मत के लिए पांच फरवरी को बंद कर दिया गया था। इसके बाद सभी तरह के वाहन दूसरे मार्गाें से गुजारे जा रहे थे।

महाशिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा को देखते हुए 20 से 26 फरवरी के बीच दोपहिया वाहनों और कांवड़ियों के लिए खोल दिया गया था। कांवड़ यात्रा के बाद अब फिर से पुल पर मरम्मत कार्य किया जाएगा। एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह से पुल एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया जाएगा।

इस दौरान कार और बाइकें जामा मस्जिद पुल से गुजारी जाएंगी। भारी वाहन और रोडवेज बसें हनुमान मूर्ति, पंडित नगला होकर जाएंगी। हरिद्वार और बिजनौर से आने वाली रोडवेज बसें डिपो तक आएंगी।

जामा मस्जिद पुल पर फिर बढ़ेगा वाहनों का दबाव
रामगंगा पुल पर दोपहिया वाहनों का संचालन बंद होने से जामा मस्जिद पुल पर फिर से वाहनों का दबाव बढ़ेगा। जिसे देखते हुए गलशहीद, मुगलपुरा और कटघर पुलिस के अलावा एसएसपी पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।