अयोध्या:  रामनगरी अयोध्या में गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कानून व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर एकत्र हुए। प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।

इस मौके पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया गया। सपा सांसद ने आरोप लगाया कि अयोध्या में दिन प्रतिदिन कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इधर एक-दो महीने में एक दर्जन से अधिक बेटियों के साथ जघन्य अपराध हुआ है। उदाहरण देते हुए सांसद ने बताया कि अयोध्या कोतवाली के शहनवा गांव में बेटी के साथ क्रूरता के साथ हत्या हुई।

इस हत्या में भाजपा के लोग फंसे हुए हैं। खंडासा थाना के कुरावन गांव में 14 साल की बालिका के साथ दुष्कर्म हुआ। थाना इनायतनगर क्षेत्र से एक बेटी स्कूल में फीस जमा करने आई थी। आरोपियों ने उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया और जब वह बेहोश हो गई तो उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर फरार हो गए।

इसी तरह से थाना पूराकलंदर क्षेत्र के सरियावां में भी चौकीदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इनायतनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सथरा में एक व्यक्ति को मार दिया गया। जनपद में लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। कानून व्यवस्था संभालने में भाजपा सरकार फेल साबित हो रही है।