फिरोजाबाद:  पति के उत्पीड़न से परेशान होकर लखनऊ में आत्महत्या करने वाली टूंडला से बसपा के पूर्व विधायक व वर्तमान में भाजपा नेता राकेश बाबू एडवोकेट की पुत्री का शव देर रात पिता फिरोजाबाद लेकर पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह सती आश्रम में दाह संस्कार हुआ। डेढ़ वर्षीय पुत्र ने मां की चिता को मुखाग्नि दी। वहीं पति की आने की सूचना पर एसपी सिटी पुलिस बल के साथ सती आश्रम पर मुस्तैद रहे।

थाना उत्तर के मोहल्ला नगला करन सिंह निवासी पूर्व विधायक राकेश बाबू एडवोकेट ने सबसे छोटी बेटी नितेश कुमारी की शादी नवंबर 2012 में इटावा के भीमनगर निवासी डिप्टी एसपी मुकेश प्रताप से की थी। वह वर्तमान में लखनऊ सीबीसीआईडी में एएसपी हैं।

पूर्व विधायक का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी के साथ मारपीट और प्रताड़ित किया जाता था। मंगलवार शाम को बेटी ने फोन पर मारपीट की सूचना दी थी। इस पर बेटी ने बुलाया था। घटना की जानकारी होने पर पूर्व विधायक बुधवार दाेपहर में छोटे बेटे प्रमोद व अन्य रिश्तेदारों के साथ लखनऊ के लिए निकले थे।

इसके बाद पूर्व विधायक ने घर पर फोन कर बताया कि बेटी ने जान दे दी है। बुधवार को लखनऊ पहुंचे पूर्व विधायक पोस्टमार्टम के बाद पुत्री के शव को लेकर देर रात फिरोजाबाद पहुंचे। बृहस्पतिवार को रैपुरा रोड स्थित सती आश्रम में दाह संस्कार हुआ।

डेढ़ वर्षीय पुत्र ईशू ने मुखाग्नि दी। इसी बीच पिता को जानकारी हुई कि दामाद पत्नी को मुखाग्नि देने के लिए फिरोजाबाद आ रहा है। इस सूचना के बाद परिजन में आक्रोश व्याप्त हो गया। इस जानकारी पर एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया भारी पुलिस बल के साथ सती आश्रम पर मुस्तैद रहे।