Friday, September 20, 2024 at 3:17 AM

मणिपुर में जबरन वसूली के आरोप में तीन उग्रवादी गिरफ्तार; चारपहिया वाहन और मोबाइल बरामद

इंफाल:  मणिपुर में प्रतिबंधित उग्रवादी समूह कांग्लेई यावोल कन्बा लूप (केवाईकेएल) के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया ह। उन पर जबरन वसूली में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि गिरफ्तारियां शनिवार को इंफाल वेस्ट जिले के उचेकोन इलाके में की गईं।

बयान के मुताबिक, जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी पहचान ओइनम मिलान सिंह (52), युमनाम रणबीर सिंह (51) और खैदम धनबीर मेइती (24) के रूप में हुई है। सभी इंफाल और उसके आसपास जबरन वसूली में शामिल थे। उनके पास से चार मोबाइल फोन और एक गाड़ी (चार पहिया) भी बरामद की है।

सेना प्रमुख ने मणिपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी
इससे पहले थलसेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मणिपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी। सेना ने बीते शुक्रवार को एक बयान जारी कर बताया था कि सेना प्रमुख ने पूर्वी सेना कमांडर के साथ सीमा पर सुरक्षा स्थिति और क्षेत्र में आंतरिक सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

सेना और असम राइफल्स के प्रयासों की सराहना थी
इसमें कहा गया था कि जनरल द्विवेदी ने क्षेत्र में शांति और सद्भाव बनाए रखने की दिशा में किए जा रहे भारतीय सेना और असम राइफल्स के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ भी बातचीत की और राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की। साथ ही उनसे शांति की दिशा में योगदान देने और समुदायों के बीच मित्रता फैलाने में भूमिका निभाते रहने का आग्रह किया।

बीरेन सिंह से भी की थी मुलाकात
इससे पहले मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्य की वर्तमान स्थिति से संबंधित अहम मुद्दों पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को राज्य सचिवालय में जनरल द्विवेदी के साथ बैठक की थी। बयान में कहा गया था कि थलसेना प्रमुख ने क्षेत्र में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए भारतीय सेना की दृढ़ प्रतिबद्धता को लेकर मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया।

Check Also

‘एक देश-एक चुनाव’ पर सियासी संग्राम; भाजपा और जयंत बचाव में उतरे तो बीजद हुई हमलावर

नई दिल्ली :  मोदी सरकार की कैबिनेट द्वारा वन नेशन वन इलेक्शन के मसौदे को …