इटावा. जमीन के विवाद को लेकर पॉश कालोनी में देर रात दो बहनों की हत्या कर दी गई। सगी बहनों की हत्या से कॉलोनी में खलबली मच गई है। पुलिस की टीमें मामले की पड़ताल में लगी हैं।दोनों बहनों को कनपटी से सटाकर गोली मारी गई है। मामले की पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है।
पचावली में रहने वाली सुशीला राजपूत अपने चार पुत्रों व एक अविवाहित पुत्री के साथ ननिहाल में रहती हैं। उनको 50 बीघा जमीन ननिहाल की मिली थी। उसके पास विवाहिता पुत्री सुनीता राजपूत 21 दिसंबर को घर में देवी जागरण होने के अवसर पर आई थी। बुधवार की रात्रि को सुनीता राजपूत पत्नी लेखराज उम्र 42 वर्ष व दूसरी पुत्री लक्ष्मी उम्र 20 वर्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
हत्या को अंजाम करीब एक से डेढ़ बजे के बीच में दिया गया। सूचना मिलने पर रात्रि करीब दो बजे एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एसपी सिटी रामयश सिंह, सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने मौका मुआयना किया और गांव के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को गांव के कुछ लोगों पर ही शक जा रहा है। विवाहिता पुत्री सुनीता का पति लेखराज भी उन्हीं के साथ ही रहता है जो खेती करता है।
वह घर पर नहीं था पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सुशीला राजपूत के चार पुत्र व तीन पुत्रियां हैं दो मंजिल मकान में बड़ी पुत्री की हत्या ऊपर की मंजिल पर की गई जबकि छोटी पुत्री की हत्या नीचे की गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी परिजन कुछ नहीं बता रहे हैं कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। परिवार के लोगों ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या की साजिश रचने की आशंका जताई है।