डेस्क. प्रियंका चोपड़ा पति निक जोनस और मां मधु चोपड़ा के साथ नए साल में नवरात्र पर बरेली आएंगी। प्रियंका के बरेली आगमन को लेकर कुंवरपुर में उनके पुराने मकान में रंगाई-पुताई का काम शुरू हो गया है।
प्रियंका चोपड़ा अपने पिता कर्नल डॉ. अशोक चोपड़ा, मां मधु और भाई सिद्धार्थ के साथ मलूकपुर में सिटी स्टेशन के सामने रहती थीं। उनके माता-पिता किला पर कस्तूरी क्लीनिक के नाम से अस्पताल चलाते थे। मिस वर्ल्ड बनने के बाद प्रियंका बॉलीवुड में छाईं तो पूरा परिवार वहीं शिफ्ट हो गया। बरेली में प्रियंका के घर की देखरेख का जिम्मा परमेश्वर राय पांडेय के पास है। वह कई बरसों से प्रियंका के घर के केयरटेकर हैं।
प्रियंका की शादी के बाद उनके घर पर अचानक रंगरोगन का काम शुरू हुआ तो पड़ोसियों ने इस बारे में पूछताछ की। परमेश्वर राय पांडेय ने बताया कि मधु चोपड़ा ने उनसे घर को सजाने-संवारने के लिए कहा है। वह अगले साल प्रियंका और निक के साथ बरेली आएंगी। निक के साथ उनका परिवार भी बरेली आ सकता है। घर में प्रियंका की पुरानी यादों को हूबहू रखा जाएगा।